जमीन का विवाद दो पक्षों के बीच मारपीट और आगजनी में बदल गया। बवाल की सूचना पर पहुंचे एएसपी पश्चिमी ने बवालियों को हिरासत में लेकर थाने भेजा। फायरब्रिगेड के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात है।
जेठवारा थाना क्षेत्र के पूरे सुखदेव सदुल्लापुर गांव निवासी छोटे बाबू यादव व पड़ोसी धर्मेन्द्र यादव के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। शनिवार को दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। पुलिस ने दोनों पक्ष के लोगों का शांति भंग में चालान करते हुए तहसील भेज दिया।
आरोपी सदर तहसील में जमानत कराने पहुंचे। इस दौरान छोटे बाबू यादव के दरवाजे पर खड़े ट्रैक्टर में किसी ने आग लगा दी। दूसरे पक्ष से धमेंद्र व अरविंद का छप्पर भी किसी ने आग के हवाले कर दिया। जिसे लेकर फिर दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष के एक दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस का दावा है कि बीते बृहस्पतिवार को दोनों पक्ष में हैंडपंप से पानी भरने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्ष एक- दूसरे पर पत्थरबाजी भी की थी। शनिवार को मारपीट की घटना में छोटे बाबू यादव के बेटे अंकित व अंशु को चोट लगी, जबकि कुछ लोग घायल हुए थे। दोनों पक्ष एक- दूसरे पर मारपीट व तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। एएसपी पश्चिमी रोहित मिश्रा ने बताया कि बवाल करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।