मृतक जय शंकर मिश्र उर्फ विकास मिश्रा। फाइल फोटो
- फोटो : PRATAPGARH
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलखरनाथधाम परिसर में स्थित स्वास्थ्य कर्मचारियों के आवासीय भवन में ईएमटी जयशंकर मिश्रा (25) ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। साथियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी मिलने पर परिजन रोते-बिलखते मर्चरी पहुंचे।
बहराइच जनपद के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के मौनस का पुरवा निवासी जयशंकर मिश्रा (25) एंबुलेंस 102 में ईएमटी के पद पर कार्यरत था। कंधई थाना क्षेत्र के सीएचसी बाबा बेलखरनाथधाम क्षेत्र में वह करीब तीन साल से 102 एंबुलेंस पर कार्यरत था। सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह सीएचसी परिसर में स्थित अपने कमरे पर गया। काफी देर बाद भी जब वह बाहर नहीं आया तो उसके साथी जितेंद्र पाल ने फोन लगाया, मगर कोई जवाब नहीं मिला।
इस पर वह उसके कमरे में पहुंचा। खिड़की से देखा तो पंखे के सहारे जयशंकर मिश्रा का शव लटक रहा था। यह देख जितेंद्र दंग रह गया। उसने शोर मचाया तो दूसरे स्वास्थ्य कर्मचारी भी वहां आ गए। लोगों की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने लोगों की मदद से उसका शव नीचे उतारा। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए परिजनों को घटना की जानकारी दी। साथियों के अनुसार, दो साल पहले उसका वंदना से विवाह हुआ था। सोमवार की सुबह भी वह मोबाइल पर पत्नी वंदना से काफी देर तक बात करता रहा।