नगर के मलियनटोला में ट्रैक्टर से स्कूटी में लगी टक्कर के बाद दो वर्गों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन एफआईआर दर्ज की है। इसमें पुलिस ने 138 लोगों को आरोपी बनाया है। उनकी तलाश की जा रही है।
कुंडा के अघिया गांव निवासी मो. अकरम अपने भाई असलम खान के साथ शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे स्कूटी से पुराना कुंडा गया था। मलियन टोला के पास उसकी स्कूटी में ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इसे लेकर दोनों में विवाद हो गया।
चालक को पिटते देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अकरम आदि को पीट दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस के सामने भी लोग मारपीट करते रहे। इससे अकरम को गंभीर चोटें आईं। किसी तरह अकरम और उसके भाई को छुड़ाकर पुलिस ने सीएचसी भेजा। उधर, मौके से पलरा बरई गांव के रचित व दीपक लौट रहे थे। इस पर रास्ते में भगवन तिरीाहे पर उन्हें कुछ लोगों ने रोक लिया और पिटाई शुरू कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को कोतवाली लाने लगी। इस दौरान फिर अघिया के लोग पुलिस की मौजूदगी में उन पर हमला करते रहे।
लगातार हुई मारपीट से कुंडा कस्बे में तनाव फैल गया। काफी लोग जुटने लगे। इस पर पुलिस ने कस्बे में पैदल मार्च निकाला। घटना में कोतवाली के एसआई उमेश प्रताप सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अकरम, असलम, इरफान, वकील, फरहान, अंसार, ननकू, मुन्ना और 60 अज्ञात के खिलाफ सरकारी काम में बाधा, दहशत फैलाने सहित गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की। दूसरे पक्ष से दरोगा की तहरीर पर शुभम, नितिन, हरिश्चंद, जतिन, सुनीता, नितिन, मघई व 50 अज्ञात के खिलाफ रिर्पोट दर्ज की है। इसी मामले में मो. असलम की तहरीर पर विजय, शुभम उसके दो भाई, हरिश्चन्द, नितिन व कुछ पांच छह अज्ञात निवासी मलियन टोला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पलरा बरई गांव निवासी रचित कुमार गौतम की तहरीर पर वकील, मुन्ना, कल्लन, असलम, अंसार, इरफान, ननकू व आधा दर्जन अज्ञात के खिलाफ एससीएसटी एक्ट सहित अन्य धाराओ में रिपोर्ट दर्ज की है।
पति समेत पांच लोगों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज
पति से विवाद के बाद महिला के फांसी लगाने की घटना में पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। घटना के बाद से ही परिजन घर छोड़कर गायब हैं।
हथिगवां थाना क्षेत्र के मिश्र दयालपुर गांव निवासी प्रेमचंद की बेटी सुदेहा ने गांव के ही मिथलेश से कोर्ट मैरिज की थी। बुधवार को किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। इससे नाराज सुदेहा ने बृहस्पतिवार रात फांसी लगा ली। मृतका के पिता प्रेमचंद ने पुलिस को तहरीर दी। प्रेम विवाह के बाद से ही बेटी के ससुरालवाले दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं कर पाने पर उसकी हत्या कर शव फांसी पर लटका दिया। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मृतका के पति मिथलेश सरोज, भाई विजय सरोज, दलकेश, संतोष सरोज और उसकी मां के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।