लालगंज में अधिवक्ता पर जानलेवा हमले के विरोध में कोतवाली पहुंचे आक्रोशित साथी । संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
तहसील में अधिवक्ता पर अराजकतत्वों ने चाकू व तमंचा से लैस होकर जानलेवा हमला बोल दिया। शोर मचाने पर अधिवक्ताओं ने आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर घेराव किया। घटना पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। भुक्तभोगी अधिवक्ता की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
लालगंज तहसील में शुक्रवार को वकील के भेष में आए चार अराजकतत्वों ने अधिवक्ता कुलदीप तिवारी से भिड़ गए। आरोप है कि आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए अधिवक्ता पर चाकू व तमंचे से जानलेवा हमला बोल दिया। तहसील परिसर में अधिवक्ता की पिटाई होते देख साथियों ने बीच बचाव कर उसकी जान बचाई। बीचबचाव के दौरान मुंशी नकछेछ सिंह भी घायल हो गया।
तहसील के अधिवक्ताओं ने हमलावरों को धर दबोचा और पुलिस को बुलाकर उसके हवाले कर दिया। पुलिस आरोपियों को पूछताछ के लिए थाने लेकर चली गई। तहसील में सरेआम अधिवक्ता पर चाकू व तमंचा से हुए जानलेवा हमले को लेकर साथियों में आक्रोश बढ़ गया। पीड़ित को साथ लेकर आक्रोशित दर्जनों अधिवक्ता कोतवाली पहुंचकर विरोध करने लगे।
संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल तिवारी, महामंत्री शेष त्रिपाठी व पूर्व अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश शुक्ल की अगुवाई में अधिवक्ताओं ने प्रभारी कोतवाल को तहरीर देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग उठाई। नाराज अधिवक्ताओं ने तहसील में गेट पर नारेबाजी की और तहसीलदार सुप्रिया चतुर्वेदी को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर दिनेश मिश्र, दीपेंद्र तिवारी, विपिन शुक्ल, सुरेश मिश्र, धीरेंद्र शुक्ल, प्रमोद मिश्र आदि मौजूद रहे। संवाद