पट्टी थाना क्षेत्र के जलालपुर किटोली गांव में सोमवार से लापता 11 वर्षीय उमेश पुत्र अवधेश का शव घर से पांच सौ मीटर दूर एक कुएं मं मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। बालक के लापता होने की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी। परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बालक के लापता होने के बाद ही एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया था।
जलालपुर किटोली गांव निवासी अवधेश कुमार अहमदाबाद में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। कुछ दिन पहले वह घर आए हैं। सोमवार को खेलते समय उनका बेटा उमेश लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद उसका पता नहीं चला। बालक के गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी। शुक्रवार को गांव के बाहर एक कुएं में उसका शव मिला तो परिवार में कोहराम मच गया। बालक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई।