एसपी डॉक्टर अनिल कुमार की हिदायत के बाद मानधाता पुलिस और स्वाट टीम आरोपियों की तलाश में रविवार की रात करीब 12 बजे गाजेहड़ी पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। इस बीच घटना में शामिल आरोपी जेठवारा थाना क्षेत्र के सराय नाहर राय निवासी आरोपी वीरेंद्र उर्फ बच्चा यादव (30) व उसके एक साथी को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह बाइक छोड़कर पैदल ही भागने लगे।
पीछा करने पर पुलिस टीम के ऊपर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में वीरेंद्र बच्चा यादव के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी भागने में कामयाब रहा। गोली लगने से घायल वीरेंद्र उर्फ बच्चा यादव को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मानधाता ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया। सूचना मिलने पर रानीगंज सीओ विनय प्रभाकर साहनी, एएसपी पूर्वी दुर्गेश सिंह अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी से पूछताछ की। मांधाता थानाध्यक्ष सुभाष यादव ने बताया कि मुठभेड़ में पकड़े गए बच्चा यादव के खिलाफ जेठवारा और मांधाता थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं।