पूजा के दौरान जलाई गई अगरबत्ती से लगी आग से तीन घरों की गृहस्थी जलकर राख हो गई। आग में जेवरात पिघल गए, रुपये और अनाज राख हो गया। ग्रामीणों ने अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।
अंतू थाना क्षेत्र के उसरी निवासी विजय कुमार वर्मा व मनोज कुमार वर्मा के घर में सोमवार की रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग ने पड़ोसी जगन्नाथ के घर को भी अपने आगोश में ले लिया। ग्रामीण आग बुझाने का प्रयास करते रहे। इस दौरान आग ने तीनों परिवारों की गृहस्थी जलाकर राख के ढेर में तब्दील कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची फायरब्रिगेड के सहयोग से ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
तब तक तीनों की गृहस्थी जलकर राख हो चुकी थी। आग में विजय, मनोज व जगन्नाथ के घर में अटैची व बाक्स में रखे जेवरात पिघल गए। खाने पीने की सामग्री राख के ढेर में तब्दील हो गई। अटैची में रखे लगभग 10 हजार रुपये भी जल गए। खून पसीने की कमाई पल भर में राख देख परिवार के लोग रोते बिलखते रहे। सूचना मिलने पर मंगलवार की सुबह राजस्व विभाग ने क्षति का आकलन किया। लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। परिवार के लोगों की मानें तो विजय के घर में पूजा करने के बाद अगरबत्ती जलाई गई थी। जो सुलगने के बाद कागज तक पहुंच गई। जिससे आग लग गई।
आशियाना जलने से खुले में रहने को मजबूर
उसरी में आग से मकान जलने के बाद तीन परिवार खुले में रहने को विवश हैं। तीनों परिवारों ने मेहनत से कच्चा आशियाना बनाया था। जिसमे उनके परिवार गुजर बसर करते थे। आशियाना जलने के बाद लोगों ने मदद का हाथ बढ़ाया है। फिलहाल राजस्व विभाग की टीम ने सभी को खाद्यान्न मुहैया कराने के लिए कोटेदार को निर्देशित किया है।