मानधाता थाना क्षेत्र के इब्राहीमपुर स्थित महामाया, शिवमंदिर में गुरुवार की सुबह दुर्गा प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिली। मंदिर से चोर कीमती सामान के साथ घंटा और कलश भी उठा ले गए। मंदिर में दूसरी बार हुई चोरी की घटना से इलाके के भक्तों में आक्रोश है।
महामाया, शिवमंदिर इलाके के लोगों का आस्था का केंद्र है। सोमवार व शुक्रवार को मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ दर्शन पूजन करने के लिए पहुंचती है। बुधवार की रात चोर महामाया, शिवमंदिर में घुसकर प्रतिमा के ऊपर स्थापित कलश, घंटा समेत अन्य सामान चुरा ले गए। गुरुवार की सुबह दर्शन पूजन के लिए भक्त पहुंचे तो दुर्गा प्रतिमा खंडित मिली। यह देख गांव में सनसनी फैल गई। आक्रोशित लोगों ने घटना की जानकारी इलाकाई पुलिस को दी।
मौके पर जांच करने के लिए एसओ विजय शंकर सिंह दलबल के साथ पहुंचे। घटना की छानबीन के बाद गांव के ही एक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। लोगों का आरोप था कि मंदिर में कई माह पहले भी चोरी हो चुकी है। इसका भी खुलासा पुलिस नहीं कर सकी और न ही रिपोर्ट दर्ज की थी। मंदिर में चोरी के मामले में प्रधानपति दिनेश सिंह ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। एसओ विजयशंकर ने बताया कि नशेड़ी लोगों की यह करतूत लग रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
करीब एक पखवारे से मानधाता इलाके में चोरी की घटनाओं की बाढ़ सी आ गई है। बासूपुर में पूर्व प्रधान समरबहादुर सिंह समेत एक ही रात आधा दर्जन स्थानों पर चोरी की घटना हुई। दूसरे दिन भी चोरी की घटना के जरिए चोरों ने पुलिस को चुनौती दी लेकिन इतने दिन बीतने के बाद भी चोरों तक पुलिस नहीं पहुंच सकी और न ही अधिकांश मामलों में रिपोर्ट ही दर्ज की गई।