पट्टी। आसपुर देवसरा इलाके के एक युवक का सुल्तानपुर में बोलेरो सवार लोगों ने अपहरण कर लिया। बाद में उसे चाकू से गोदकर सड़क पर फेंक दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला चिकित्सालय सुल्तानपुर में भर्ती कराया है।
देवरखा गांव के मजरे विझवा पट्टी निवासी गुड्डू यादव (35) पुत्र राजनारायण ने अपनी बहन का विवाह वर्ष 2010 में सुल्तानपुर के परिवारपुर कादीपुर में किया था। मई 2015 में ससुरालियों ने उसकी बहन व भांजी को जिंदा फूंककर मार डाला था। इस हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराने के साथ गुड्डू मामले की पैरवी सुल्तानपुर में करने कचहरी जाता था। बीते 17 सितंबर को वह सुल्तानपुर कचहरी गेट पर जैसे ही पहुंचा कि बोलेरो सवार लोगों ने उसे अगवा कर लिया। अपहरणकर्ता उसे लेकर फैजाबाद की ओर निकल गए।
रास्ते में उसे चाकू से गोद डाला। बताते हैं कि कूड़ेभार के पास जाम लगा था। वहां पुलिस जाम हटाने में लगी थी। आरोपियों ने जाम देख जीप वहीं से घुमा ली और आगे जाकर घायल गुड्डू को सड़क किनारे फेंककर भाग निकले। ग्रामीणों ने उसे खून से लथपथ देखकर पुलिस को सूचना दी। इस पर उसे सुल्तानपुर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। सूचना पर परिजन सुल्तानपुर पहुंचे हैं। घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।