नगर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में तलवारबाजी सीखने आए एक छात्र के हाथ में तलवार ऐसी घुसी कि आरपार हो गई। लहूलुहान छात्र को जिला अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टर मशक्कत के बाद तलवार निकाल सके।
कटरामेदनीगंज स्थित संगम इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा नौ में पढ़ने वाला राहुल राय (15) पुत्र दिलीप राय जेठवारा का रहने वाला है। सोमवार को स्कूल के 50 छात्र तलवारबाजी सीखने के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम आए थे। इसी बीच तलवार राहुल के दाए हाथ में घुसी और बाहर निकल गई। यह देख दूसरे छात्र सहम गए। खून से लथपथ दिलीप को लेकर लोग जिला अस्पताल भागे। काफी मशक्कत के बाद डॉक्टरों ने तलवार निकाली।
घायल छात्र का उपचार करने के बाद उसे घर भेज दिया गया। स्टेडियम के कोच अजय सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान दो छात्र तलवारबाजी का हुनर सीख रहे थे। अचानक सामने वाले छात्र की तलवार दिलीप के हाथ में जा लगी। कालेज प्रशासन से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उनका मोबाइल लगातार व्यस्त जाता रहा।