मानिकपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक युवक ने ससुराल पहुंचकर पत्नी और बीवी के साथ खुद को भी गोली मार ली। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो नजारा देख दंग रह गए। हर ओर खून ही खून नजर आ रहा था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी को नजदीकी अस्पताल भेजा। जहां से तीनों की हालत गंभीर देख इलाहाबाद रेफर कर दिया गया।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के कुशाहिलडीह निवासी फिरोजा बानो (30) की शादी 13 साल पहले इलाहाबाद जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के चफरी निवासी फहीम उर्फ टुल्लू (33) के साथ हुई थी। शादी के बाद चार बेटे व एक बेटी पैदा हुई। डेढ़ माह पूर्व पारिवारिक कलह के चलते फिरोजा को उसकी मां अफशरुन निशा दो बच्चों के साथ कुशाहिलडीह लेकर चली आई। ग्रामीणों की मानें तो मोबाइल फोन पर फहीम और फिरोजा से बातचीत के दौरान अक्सर तकरार होती रहती थी। सोमवार की शाम फहीम ससुराल पहुंचा। बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। तभी फिरोजा दरवाजे से निकलती दिखी। उसे देखते ही फहीम के सिर पर खून सवार हो गया। उसने फिरोजा को गोली मार दी। फायर की आवाज सुनकर उसकी मां अफशरून निशा (57) दौड़ी तो फहीम ने उसे भी गोली मार दी। जख्मी फिरोजा जान बचाने के लिए दूसरे मकान में जाकर छिप गई। जबकि कनपटी के करीब गोली लगने से अफशरुन गिरकर तड़पने लगी। इसके बाद फहीम ने खुद को भी गोली मार ली। गांव के लोग मौके पर पहुंचे तो हर ओर खून ही खून फैला हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को नजदीकी अस्पताल ले गई। जहां तीनों की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया। फहीम और उसकी सास अफशरून की हालत नाजुक बताई जाती है। फिरोजा की हालत खतरे से बाहर है। एसओ मानिकपुर ने बताया कि पारिवारिक कलह की बात सामने आ रही है। किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।