टाटा मोटर्स के नाम पर कुछ लोग नकली पार्ट्स बेच रहे थे। टाटा मोटर्स के एरिया मैनेजर ने दो दुकानों को चिह्नित करने के बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। सोमवार की शाम भारी पुलिस बल के साथ कंपनी के लोग पहुंचे। पुलिस दोनों दुकानदारों को कोतवाली ले आई। इस दौरान भारी संख्या में नकली पार्ट्स बरामद किए गए।
कुंडा कस्बे में मो.अनवर ने मलिक मोटर पार्ट्स व संजीव कुमार ने दिपाली आटोमोबाइल के नाम से दुकान खोल रखी है। दोनों ही अपनी दुकान में टाटा मोटर्स के नाम पर नकली माल की बिक्री कर रहे थे। इसकी जानकारी टाटा मोटर्स के एरिया मैनेजर मुजीब खान को हुई तो उन्होंने अपने सहयोगियों से इसकी पुष्टि कराई। इसके बाद सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सोमवार की शाम भारी पुलिस बल के साथ कोतवाल दुकान पर पहुंचे और दोनों दुकानदारों को कोतवाली ले आए। इस दौरान दोनों की दुकान पर भारी मात्रा में नकली पार्ट्स मिले जिन्हें टाटा मोटर्स के पार्ट्स बताकर बेचा जा रहा था। एरिया मैनेजर ने बताया कि बड़ी मात्रा में नकली क्लच प्लेट बरामद की गई है। पुलिस ने एरिया मैनेजर मुजीब की तहरीर पर दोनों दुकानदारों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।