पीलीभीत। शहर के नामचीन किराना व्यापारी से मोहल्ला नखासा निवासी एक युवक ने दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रंगदारी न देने पर आरोपी अपने तीन साथियों के साथ 12 जनवरी की रात व्यापारी के घर में घुस आया और धमकाया। पुलिस ने शुरूआती जांच करने के बाद व्यापारी की पत्नी से मिली तहरीर पर एक नामजद और तीन अज्ञात पर रविवार शाम रिपोर्ट दर्ज की है।
गैस चौराहे निवासी सुनीता रानी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति नरेश जायसवाल की ड्रमंडगंज चौराहे पर करनवाल एजेंसी के नाम से किराना की दुकान है। इसका समस्त बैंक का लेन-देन का कार्य वही करती हैं। आरोप है कि मोहल्ला नखासा के रहने वाले रामबाबू वाल्मीकि पिछले काफी दिनों से उनके पति से दो लाख रुपये रंगदारी की मांग कर रहा है। 18 दिसंबर 2017 को उनका एक चेक गुम हो गया था, यह भी आरोपी के पास से मिला। इसको लेकर पूर्व में कानूनी कार्रवाई कराई जा चुकी है। आरोप है कि 12 जनवरी को आरोपी अपने तीन अज्ञात साथियों के साथ उनके घर में घुस आया। गाली गलौज करते हुए दो लाख रुपये रंगदारी का दबाव बनाने लगा। इसके बाद रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी देकर चला गया। सुनगढ़ी थाना एसएचओ मोहम्मद कासिम ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच लेनदेन का कोई पुराना विवाद है। पीड़ित का कहना है कि उनका एक चेक दिसंबर में खो गया था, वह किसी तरह आरोपी के हाथ लग गया। आरोपी ने दंपति पर चेक बाउंस को लेकर कानूनी कार्रवाई भी की थी। अब दंपति रंगदारी मांगने का आरोप लगा रहा है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। समस्त बिंदुओं पर जांच कराई जा रही है जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।