कंधई पुलिस की अभिरक्षा में थाने के भीतर युवक ने जहर निगल लिया। हालत बिगड़ने पर आननफानन में पुलिस उसे जिला अस्पताल ले गई, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर युवक के घर में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजन पुलिस की प्रताड़ना व अभिरक्षा में जहर खाने से हुई मौत का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचे, लेकिन सभी को गेट पर ही रोक लिया गया। हंगामे की खबर पर भारी पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस परिजनों को अस्पताल ले गई। आरोप है कि कई घंटे की पंचायत के बाद पुलिस ने मृतक के पिता से तहरीर बदलवाकर उसकी पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। बवाल की आशंका को देखते हुए पोस्टमार्टम हाउस पर पुलिस व पीएसी के जवान मुस्तैद रहे।
कंधई थाना क्षेत्र के अस्थरा निवासी दीपक कुमार (20) पुत्र रामकुमार का पत्नी से विवाद चल रहा था। कंधई पुलिस ने दीपक को शनिवार को समाधान दिवस पर पत्नी के विवाद को सुलझाने के लिए थाने पर बुलाया था। पिता रामकुमार की मानें तो वह दस बजे थाने पर गया। जहां पुलिसकर्मियों ने उसके थाने के चौकीदार ससुर रमाकांत निवासी पिपरी खालसा की मिलीभगत से पीटा। करीब चार बजे वह घर आया। पुलिस की पिटाई से आहत दीपक जान देने पर आमादा था। वह बार-बार जहर खा लेने व छत से कूदकर जान देने की बात कह रहा था। इससे परिजन परेशान हो उठे। भाई ने पुलिस को सूचना दी। करीब 6 बजे डायल 100 की टीम उसके घर पहुंची। चालक ज्ञानेंद्र कुशवाहा दीपक को लेकर थाने पहुंचा। कंधई पुलिस की अभिरक्षा में दीपक ने सल्फास की गोली निगल ली। जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। रात 10.15 बजे थाने के होमगार्ड ओमप्रकाश ने उसे जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान रात ढाई बजे उसकी सांसें थम गईं। रविवार की सुबह कंधई पुलिस ने दीपक कीमौत की जानकारी दी तो आक्रोशित परिजनों संग बड़ी संख्या में ग्रामीण पुलिस पर पिटाई व प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए अपनी फरियाद लेकर पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचे। हालांकि सभी को गेट पर ही रोक लिया गया। जिसके बाद लोग हंगामा करने लगे। खबर पर पहुंची पुलिस सभी को शांत कराकर अस्पताल ले गई।
आरोप है कि इस मामले में पुलिस ने देर शाम खेल करते हुए मृतक के परिजनों को गुमराह कर मनमाफिक तहरीर लिखवा ली। दीपक के पिता रामकुमार ने अपनी तहरीर में लिखा है कि पत्नी दीपिका, ससुर रमाकांत, सुनील निवासी पिपरी खालसा व विनोद निवासी सरखेलपुर ने उसके बेटे को मारापीटा और उसे जबरन कुछ खिलाकर पानी पिला दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पत्नी समेत चारों लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ पट्टी ने बताया कि जो तहरीर मिली है, उसी के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। आगे जांच का विषय है। जहर खाने के कारण उसकी मौत होने की बात सामने आ रही है।