देवसरा इलाके के रऊजा गांव की पाल बस्ती में बुधवार को बिजली की शार्ट सर्किट से लगी आग से दर्जन भर छप्पर जलकर राख हो गए। आग लगने से घर में रखे घरेलू सामान भी जल गए।
देवसरा इलाके की पाल बस्ती में राममूरत पाल के घर में बिजली की शार्ट सर्किट से आग लग गई। घरवाले जब तक कुछ समझ पाते तब तक आग ने रामप्रसाद, मोतीलाल, हरीलाल, सभाजीत पाल के घरों को आगोश में ले लिया।
लपटों के भयंकर रूप धारण करने पर गांव में अफरातफरी मच गई। घर के लोगों ने किसी तरह बाहर भागकर जान बचाई। इस दौरान घर में रखा अनाज, बिस्तर व सारे घरेलू सामान जलकर राख के ढेर में बदल गए। घंटों मशक्कत के बाद किसी तरह ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। बस्ती में चारों तरफ राख के ढेर ही दिखाई पड़ रहे हैं। इस अगिभनकांड के बाद अब पीड़ित परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।