आसपुर देवसरा(ब्यूरो)। देवसरा इलाके की ढखवा बाजार में जमीन पर कब्जा करने आए लोगों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि दहशत फैलाने के लिए असलहे लहराए गए और महिलाओं और बच्चों को पीटा गया। तोड़फोड़ की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावर करीब दो लाख का सामान दुकान से उठा ले गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
अशोक कुमार जायसवाल की ढखवा बाजार में महिला शृंगार की दुकान है। इनके भाई हरिश्चंद्र ने अपना हिस्सा रत्तीपुर निवासी एक व्यक्ति को बेच दिया है। इस जमीन कब्जाने को लेकर वर्षों से जंग चली आ रही है। मामला दीवानी न्यायालय में विचाराधीन भी है। अचानक जमीन क्रय करने वाले लोग कई लोगों के साथ अशोक की दुकान पर पहुंचे और उनके बेटे शुभम को पीटते हुए उसे दुकान से बाहर कर दिया। आरोप है कि इस दौरान उन लोगों ने दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
शोर सुनकर दुकान के पीछे घर में मौजूद अशोक की पत्नी वंदना बाहर आई तो इनकी भी पिटाई शुरू कर दी। बाजार में हंगामा जैसा माहौल हो गया। महिला की चीख पुकार पर जब बाजार के लोग दौड़े तो हमलावर दुकान में ताला डालकर भाग निकले। इस दौरान हमलावरों ने पीड़ितों को जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी तो वहां पुलिस मौके पर जांच को आई। इस मामले में चार नामजद तथा दर्जन भर अज्ञात लोगों के विरुद्ध तहरीर दी गई है। थानाध्यक्ष देवसरा ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि जमीन का मामला दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है। चार दिन पूर्व पीड़ित ने ताला तोड़कर कब्जा किया था। जिस कारण विपक्षियों ने आज हमला बोला। पुलिस जांच के पश्चात कार्रवाई करेगी। असलहे लहराने की घटना का उन्होंने खंडन किया।