देवसरा इलाके के चितईपुर गांव में बुधवार को दो वर्गों में मारपीट हो गई। सूचना पर एसडीएम, सीओ समेत कई थानों की फोर्स व पीएसी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज कराया गया है। गांव के गोविंद तिवारी सुबह बाग में महुआ की कोइयां बीन रहे थे। इस बीच जोगी बस्ती के सलमान व फिरोज शौच को आए। उन्होंने मना किया तो इन लोगों ने उनकी पिटाई कर दी। घायल गोविंद के घर पहुंचने पर जोगी बस्ती के लोगों पर ग्रामीणों ने एकजुट होकर हमला बोला। इतना ही नहीं सगाई के लिए जा रहे गांव के रफीक, हलीम, मंजीस, हवालात, गुलबहार व वकील को बोलेरो से उतारकर पीटा गया।
इसके बाद माहौल गरम होता चला गया। तनाव बढ़ता देख प्रधान ने देवसरा एसओ को सूचना दी तो कुछ ही देर में वहां पट्टी, देवसरा व कंधई पुलिस के साथ पीएसी भी पहुंच गई। पुलिस मामले को निपटाने का प्रयास करने लगी तो वहां जबरन धार्मिक स्थल के निर्माण का भी मामला सामने आ गया। दूसरे वर्ग का कहना था कि उसी स्थल के समीप पीपल के नीचे मूर्ति और झंडा लगा था। जिसे जोगी बस्ती के लोग उखाड़ ले गए। तनाव को देखकर पुलिस ने धार्मिक स्थल के निर्माण के लिए रखी ईंट वहां से हटवा दी। निर्माण पर रोक लगा दी गई। जिस जमीन पर निर्माण होना था उसे गांव के रमाशंकर तिवारी से अजीज व गरीब ने बैनामा करा रखा है। एसडीएम प्रदीप कुमार सिंह व सीओ श्रीकृष्ण वर्मा समेत पट्टी के प्रभारी कोतवाल प्रभात कुमार यादव, एसओ देवसरा अखिलेश राय किसी तरह देर शाम तक मामला निपटा सके। दोनों पक्षों के घायलों को सीएचसी भेजकर मेडिकल कराया गया। दोनों ओर से मामला दर्ज कराया गया है। गांव में अब भी तनाव बना हुआ है। पीएसी व पुलिस बल कैंप कर रहा है।