पेंशन के लिए अफसरों के कार्यालय का चक्कर लगाते लोग थक जा रहे हैं, लेकिन उनकी बारी नहीं आ रही है। वहीं ऐसे भी लोग हैं जो एक ही विभाग से दो-दो पेंशन लेकर अपनी जेब भर रहे हैं। ऑनलाइन जांच में इसका खुलासा होने पर करीब 1229 लाभार्थी अफसरों के रडार पर आ गए हैं।
समाज कल्याण विभाग से जरूरतमंदों को समाजवादी पेंशन और वृद्धावस्था पेंशन दी जाती है। दोनों योजनाओं में डेढ़ लाख से अधिक लाभार्थी हैं। खुलासा हुआ है कि जिले के तकरीबन 1229 लाभार्थी ऐसे हैं, जो पहले से वृद्धावस्था पेंशन पा रहे थे। बाद में प्रधानों की कृपा पर इन्हें समाजवादी पेंशन के लिए भी प्रस्ताव पास कर दिया गया। इससे विभाग ने उन्हें पेंशन देना प्रारंभ कर दिया। कुछ लाभार्थी तो ऐसे हैं जिन्होंने दोनों पेंशन के लिए एक ही खाता नंबर दिया और जो थोड़े होशियार थे उन्होंने दूसरे बैंक का खाता नंबर दे दिया।
हालांकि आनलाइन जांच में मामला पकड़ में आ गया है। अधिकारी हैरत में हैं कि 1229 लाभार्थी ऐसे हैं जो दो-दो पेंशन ले रहे हैं। समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण सिंह को जब इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने जिले में नए सिरे से जांच कराने का फैसला किया। लाभार्थियों की उम्र की जांच करने को भी कहा गया है। समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण सिंह ने बताया कि जांच के बाद दो-दो पेंशन लेने वाले लाभार्थियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।