मानधाता थाना क्षेत्र के तौकलपुर में बालक की हत्या को लेकर देल्हूपुर में हुए बवाल के बाद सोमवार देर रात भारी संख्या में पहुंची पुलिस ने जमकर कहर बरपाया। देल्हूपुर से लेकर तौकलपुर तक पुलिस ने तांडव किया। रिश्तेदारों व दुकानदारों को उपद्रवी बताते हुए पुलिस थाने पर उठा ले गई। तौकलपुर निवासी रामखेलावन के गायब तेरह वर्षीय बेटे देशराज का शव रविवार को धानी तालाब में मिला था। परिजन पड़ोस के हृदयनारायण समेत अन्य पर हत्या का आरोप लगा रहे थे, लेकिन पुलिस पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद ही कार्रवाई की बात कहती रही। पीएम के बाद दूसरे रास्ते से बालक का शव घर भेजने को लेकर देल्हूपुर में बवाल हो गया।
पुलिस और ग्रामीणों के बीच संघर्ष हुआ। पथराव में सीओ रानीगंज समेत पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। जान बचाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने के साथ फायरिंग करनी पड़ी। इसके बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। देर रात पुलिस ने उपद्रवियों को खोजकर पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि पुलिस ने देल्हूपुर में बृजेश गुप्ता, नाटे स्वीट हाउस, रोशनलाल की मिठाई की दुकान और बगल में बाइक की दुकान में तोड़फोड़ की। इस दौरान बृजेश गुप्ता, शुभम गुप्ता, मनोज गुप्ता, राजेश सरोज पुत्र शिवशंकर सरोज, मुन्ना साहू, अभिषेक साहू व मृतक बालक के रिश्तेदार नागेंद्र पुत्र छेदीलाल निवासी नारायणगंज मानधाता व रवि निवासी सरनाम का पुरवा इलाहाबाद को हिरासत में ले लिया। एहतियात के तौर पर पुलिस तौकलपुर से लेकर पुलिस चौकी पर मुस्तैद रही। मंगलवार को दिनभर एसडीएम रानीगंज और सीओ रानीगंज डीएल सुधीर दलबल के साथ पुलिस चौकी पर डटे रहे।