बाजार से लौट रहे युवक से बदमाशों ने तमंचा सटाकर बाइक छीन ली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मानिकपुर थाना क्षेत्र के गहनेरु की बाग निवासी सोभनाथ पुत्र जगेसर पटेल सोमवार रात मानिकपुर बाजार गया था। घर लौटते समय वह जैसे ही मिलिट्री ग्राउंड के पास पहुंचा कि पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर बाइक रोक ली और तमंचा सटा दिया। जब वह कुछ बात समझता कि उसकी बाइक छीन ली।
शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाश भाग निकले। पीड़ित ने घटना की सूचना मानिकपुर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर वाहन चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उधर, एक दिन पहले भी जाखामई में अपाचे सवार दो लोगों ने बारात से लौट रहे मदार का पुरवा निवासी अनिल को तमंचा सटा दिया था। इसके साथ ही उसकी बाइक लेकर भाग निकले। मामले में पुलिस को जानकारी दी गई तो पुलिस ने दबिश भी दी है। इस मामले में दो लोगों को चिन्हित कर लिया गया है।