बाघराय थाना क्षेत्र के बिहार में स्थित पेट्रोलपंप पर बुधवार की रात करीब साढ़े नौ बजे बाइक से पहुंचे तीन नकाबपोश बदमाशों ने कैशियर को गोली मारकर 25 हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे आराम से फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंपकर्मियों से पूछताछ करने लगी। खबर मिलने पर सीओ सदर रामजनम, एएसपी दिनेश सिंह के साथ एसपी भी पहुंच गए।
कुंडा इलाके के बिसहिया गांव निवासी लालता प्रसाद गुप्ता का बिहार में पेट्रोलपंप है। पंप पर बाघराय थाना क्षेत्र के शिवगढ़ का रहने वाला रामराज यादव (48) कैशियर है। बुधवार को सुबह से दोपहर एक बजे तक का कैश उसने बैंक में जमा कर दिया था। उसके बाद से बिक्री के करीब 25 हजार रुपये उसके पास थे। बताते हैं रात करीब साढ़े नौ बजे वह कैशरूम में पैसों का मिलान कर रहा था। इस बीच एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। एक बदमाश बाइक पर ही रहा, जबकि दो सीधे उसके पास पहुंच गए। दोनों उससे पैसे छीनने लगे। इस पर रामराज उनसे भिड़ गया। पैसों को लेकर छीना-झपटी होने लगी।
इस बीच एक बदमाश ने तमंचा निकालकर रामराज को गोली मार दी। इससे वह लहूलुहान हो गया। लुटेरे उसके पास रहे 25 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद सनसनी फैल गई। पंप कर्मियों ने तत्काल इसकी जानकारी मालिक के साथ ही पुलिस को दी। घायल रामराज को अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखकर जिला अस्प्ताल रेफर कर दिया। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही एसपी के साथ ही कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची।