चार दिन पहले कोतवाली क्षेत्र के औराइन गांव में दोस्तों द्वारा की गई युवक की हत्या के मामले का तीसरा आरोपी भी पुलिस के हाथ लग गया। उसके बयान से हत्या की गुत्थी और उलझ गई। युवक के अनुसार झगड़े के बाद उस पर गोली चलाई गई थी। वह मृतक वीरबहादुर को जा लगी और उसकी मौत हो गई। पुलिस अब उससे गहन पूछताछ कर रही है।
औराइन गांव निवासी वीरबहादुर की चार दिन पहले हुई हत्या के मामले में रोजाना नया मोड़ आ रहा है। अब तक पकड़े गए दोनों आरोपी जो बता रहे थे, तीसरे आरोपी प्रदीप तिवारी ने उसे गलत करार दिया। प्रभारी कोतवाल अजीत पांडेय ने बताया कि प्रदीप के अनुसार नशे की हालत में छींटाकशी व मारपीट के बाद वह घटनास्थल पर छूटे अपने कपड़े व दुकान की चाभी लेकर बाइक से वापस आ रहा था। अचानक वीरबहादुर के दोस्तों रामप्रवेश व अन्य लोगों ने उसे जबरन खींच लिया और वापस मारपीट करने लगे। रामप्रवेश ने घर से तमंचा लाकर उस पर फायर कर दिया। मगर गोली उसको न लगकर वीरबहादुर को जा लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपियों द्वारा एक दूसरे पर आरोप मढ़ने व अलग-अलग कहानी बताने पर पुलिस को यकीन नहीं है। पुलिस अब इन लोगों को एक साथ रखकर मामले का सच निकालने का प्रयास कर रही है। विवेचना कर रहे सीओ पट्टी सुकरमपाल तोमर ने बताया कि पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने के बाद पूरी सच्चाई सामने ला देगी।