कोतवाली के पूरेतिलकराम गांव में रंजिश के चलते युवक पर फायर कर दिया गया। पैर में गोली लगने के बाद जख्मी हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हमले में दो और लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने चार आरोपियों पर जान से मारने के प्रयास में मुकदमा दर्ज किया गया है। लालगंज कोतवाली के पूरेतिलकराम गांव में शिवाकांत वर्मा के घर के समीप सोमवार की शाम सात बजे किसी मामले को लेकर पंचायत चल रही थी। आरोप है कि इस दौरान पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही स्वामीनाथ गुप्ता, अरुण कुमार गुप्ता, अशोक सिंह, सागर सिंह एक राय होकर शिवाकांत के भाई को भोला वर्मा व हर्मेन्द्र वर्मा को पीटने लगे।
जान बचाने के लिए वह अपने घर में भागा तो हमलावर उसके घर में घुस गए और कुल्हाड़ी व लाठी डंडों से मारकर लहूलुहान कर दिया। जानकारी होने पर शिवाकांत का चचेरा भाई संतराम बीच बचाव करने पहुंच गया। आरोप है कि संतराम के पहुंचते ही स्वामीनाथ व अशोक सिंह के ललकारने पर सागर सिंह, अरुण ने उस पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली संतराम के पैर में जा लगी और वह लहूलुहान होकर गिर गया।
सूचना के बाद भी मौके पर पुलिस नही पहुंची तो परिजन ग्रामीणों की मदद से घायलों को लेकर रात दस बजे लालगंज सीएचसी पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद देर रात शिवाकांत ने स्वामीनाथ समेत उक्त चारों आरोपियों को नामजद करते हुए तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत घर में घुसकर तोड़फ ोड़ व जानलेवा धमकी देने कर मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी कोतवाल सभाजीत मिश्र ने बताया कि दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश चल रही है। इसी के चलते घटना हुई है। मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।