देर से पहुंची एंबुलेंस, गेट पर पैदा हुआ बच्चा
- फोटो : अमर उजाला
संडवा चंद्रिका सीएचसी में लगी 102 एंबुलेंस पुरुषों का प्रसव करा रही है!। एंबुलेंस चालक फर्जी मरीजों का नाम अंकित कर मालामाल हो रहे हैं। शनिवार को अस्पताल के रजिस्टर से मिलान करने पर फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। एंबुलेंस चालकों ने जिस पर्चे की संख्या अपने रजिस्टर में दर्ज की है, उनमें अधिकांश नाम पुरुषों के हैं, जबकि 102 एंबुलेंस सेवा गर्भवती महिलाओं के लिए है।
क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं की जांच कराने और प्रसव कराने के साथ ही उन्हें घर तक पहुंचाने के लिए सीएचसी में दो 102 एंबुलेंस लगाई गई हैं। एक राउंड में 4400 रुपये का हिसाब तैयार करने के साथ ही डीजल में खेल करने वाले चालकों ने फर्जी मरीजों को नाम लिखकर सूची तैयार कर ली। मगर अस्पताल सत्यापन के लिए पहुंचने पर मामले का खुलासा हुआ। एंबुलेंस चालकों ने जनवरी माह में 230 मरीजों को सीएचसी लाने और पहुंचाने का रिकार्ड पेश किया है, जबकि अस्पताल के रिकार्ड के मुताबिक सिर्फ 35 मरीज आए हैं।
इसी प्रकार फरवरी माह में 240 संख्या दिखाई गई है, जबकि 37 मरीज सीएचसी आए हैं। प्रभारी अधीक्षक डॉ. विकास दीप पटेल की जांच में फर्जीवाड़ा उजागर होने पर सत्यापन रिपोर्ट पर मुहर लगाने से इंकार कर दिया। सीएमओ यूके पांडेय ने मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।