दहेज में एक लाख रुपये व बाइक की मांग पूरी होती न देख युवक व उसके परिजनों ने शादी का रिश्ता तोड़ दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी।
रानीगंज थाना क्षेत्र के सरायसेतराय निवासी मिठाईलाल की 19 वर्षीय बेटी अपने ननिहाल संडिला में रहती है। वहीं से वह पढ़ने जाया करती थी। मिठाईलाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा कि ननिहाल में इलाहाबाद जनपद के मऊआइमा थाना क्षेत्र के अलावपुर निवासी राजीव कुमार पटेल का आना जाना था। वह उसके साथ शादी का झांसा देकर अश्लील हरकत करता रहा। इस बात की जानकारी बेटी ने अपनी मां को दी।
मामला आगे बढ़ा तो राजीव व लड़की के घरवालों के बीच पंचायत हो गई। दोनों परिवार की रजामंदी से शादी की तिथि 19 जून को तय हो गया। हैसियत के हिसाब से मिठाईलाल ने बरीछा में दहेज भी दिया। दो दिन पहले राजीव के परिवार वालों ने शादी करने के पहले एक लाख रुपये व बाइक की मांग की। जिसे देने में मिठाईलाल असमर्थतता जताने लगा। रिश्तेदारों की पंचायत के बाद भी हल नहीं निकला। शनिवार को मिठाईलाल ने थाने में शिकायती पत्र दिया। पुलिस ने राजीव कुमार, होरीलाल, धर्मेंद्र, राम अभिलाष और विक्रम की पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।