मोबाइल को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। खबर घर पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस अलर्ट हो गई है।
मानधाता थाना क्षेत्र के हरिहररामपुर खूझी निवासी कल्लू उर्फ सलीम के बेटों का कल्लू उर्फ नजीर के लड़कों से मोबाइल को लेकर विवाद हो गया था। इसे लेकर नौ जुलाई को इमरान ने आजाद को रोककर बुरी तरह पिटाई कर दी थी। इसके बाद दोनों पक्ष के लोगों के बीच जमकर लाठी डंडे चले। इसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए थे। गंभीर रूप से घायल कियाम (48) पुत्र नवी का इलाहाबाद में उपचार चल रहा था। मंगलवार को हालत बिगड़ने पर मंगलवार को परिवार के लोग उसे लेकर लखनऊ एसजीपीजीआई जा रहे थे। कुंडा के करीब एंबुलेंस में ही उसकी सांसें थम गईं। यह खबर घर पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया। मारपीट में घायल सलीम ने पुलिस को सूचना दी। इधर, परिजन शव को लेकर जिला अस्पताल आए। यहां मानधाता पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसओ मानधाता ने बताया कि मारपीट के मामले में पहले ही मुकदमा दर्ज है। अब हत्या की धारा जोड़कर आरोपी के खिलाफ विवेचना की जाएगी।