सांगीपुर(ब्यूरो)। खेत में काम करने गई महिला को नशे में धुत देवर ने लाठी डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया था। उपचार के दौरान महिला की देर रात इलाहाबाद में मौत हो गई। आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस गिरफ्तारी में जुट गई है।
सांगीपुर थाना क्षेत्र के असांव निवासी सुमन देवी उर्फ लीला (35) पत्नी विनोद कुमार सोमवार को खेत में काम करने गई थी। आरोप है कि नशे में धुत उसका देवर संतोष कुमार पहुंचा और महिला से गाली-गलौज करने लगा। इसका विरोध करने पर देवर ने लाठी डंडे से महिला को पीटकर अधमरा कर दिया। देर शाम उसकी हालत नाजुक देख चिकित्सकाें ने इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया। देर रात इलाहाबाद की एक अस्पताल में उपचार के दौरान सुमन की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। उधर, मृतका के पति विनोद कुमार वर्मा ने भाई संतोष कुमार के खिलाफ सांगीपुर पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला कर दर्ज कर लिया है।