लेखपाल के रोकने के बाद भी निर्माण करा रहे प्रधान
सड़क के बगल की ग्रामसभा की जमीन पर कब्जा करने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा। लेखपाल के रोकने के बाद भी प्रधान ग्रामसभा की जमीन पर निर्माण करा रहे हैं। सड़क के बगल की ग्रामसभा की स्थित इस जमीन के पास ही पीएचसी बनने के लिए भी उद्घाटन किया गया है। आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद भी निर्माण कार्य नहीं बंद किया गया।
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के अर्रों गांव में प्रधान सड़क के बगल स्थित ग्रामसभा की जमीन पर निर्माण करा रहे हैं। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने एसडीएम को पत्र देकर की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के बगल की यह जमीन काफी कीमती है। इसके चलते प्रधान इस पर निर्माण कराकर कब्जा करना चाहते हैं। शिकायत पर लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रोक दिया था। इसके बाद भी निर्माण कार्य नहीं रोका गया। इसके बाद मौके पर पुलिस भी गई लेकिन निर्माण नहीं रोका गया। ग्रामीणों का कहना है कि इसी जमीन के बगल में पीएचसी का उद्घाटन हुआ है। जमीन की कीमत लाखों में होने के कारण प्रधान इस पर कब्जा करना चाहते हैं।
फूलों की होली और कवि सम्मेलन आज
कुंडा (ब्यूरो)। भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ और व्यापार मंडल मानिकपुर के संयुक्त तत्वावधान में 30 मार्च को सायं 5 बजे से मिरगढ़वा चौराहा पर फूलो की होली, कवि सम्मेलन, सामाजिक सदभाव संगोष्ठी का आयोजन किया गया है। इसमें मुख्य अतिथि एसीजेएम घनेंद्र कुमार होंगे। यज जानकारी व्यापार मंडल अध्यक्ष मथुरा प्रसाद धुरिया ने दी।
प्रधानपुत्र समेत दो पर गबन, धोखाधड़ी का मुकदमा
कुएं की मरम्मत का फर्जी दस्तावेज तैयार कर निकाले रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
बाबागंज। कुएं की मरम्मत का फर्जी दस्तावेज तैयार कर प्रधानपुत्र ने ग्रामसभा के खाते से धन का आहरण कर लिया। इसके साथ ही उस धन का गबन कर लिया। इसकी कुएं की मरम्मत कराने वाले व्यक्ति को हुई तो उसने खंड विकास अधिकारी से शिकायत कर दी। कई बार शिकायत के बाद भी जब बात नहीं बनी तो उसने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट ने प्रधान पुत्र और उसके सहयोगी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के किंधौली गांव निवासी संदीप कुमार शुक्ला ने एसीजेएम कोर्ट कुंडा में वाद दायर किया था कि गांव के ही बचई पुत्र रोहित गुप्ता ने अपने घर के सामने स्थित कुएं की मरम्मत अपने पैसे कराई थी। गांव की प्रधान के अनपढ़ होने के कारण सारा कार्य उसका पुत्र रामकुमार पुत्र रामअंजोर देखता है। रामकुमार और उसके सहयोगी रामसजीवन ने रोहित के कुएं पर फर्जी तरीके से सरकारी खर्च पर मरम्मत दिखाकर 49000 रुपये का गबन कर लिया। जानकारी होने पर संदीप शुक्ला और रोहित ने कई बार खण्ड विकास अधिकारी और उच्चधिकरियों से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर कोर्ट में वाद दायर किया गया। कोर्ट ने सुनवाई करने के बाद रामकुमार पुत्र रामअंजोर, राम सजीवन पुत्र नथई के खिलाफ पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और धोखाधड़ी करने का मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बाबा ताजवाले का उर्स आज
बाबागंज (ब्यूरो)। हीरागंज बाजार स्थित बाबा ताजुद्दीन औलिया का उर्स शुक्रवार को मनाया जाएगा। रात में जवाबी कव्वाली होगी। यह जानकारी लक्ष्मी पाल ने दी।
फोटो- 25, 26
निकाली गई मतदाता जागरूकता रैली
बिहार/बाबागंज(ब्यूरो)। बिहार विकास खंड लोदीपुर स्थित मीरा देवी इंटर कालेज से छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। रैली विद्यालय निकलकर सुदीन का पुरवा, लोदीपुर, रैयचापुर, चौखड़ी, बिहार से होते हुए पुन: विद्यालय पहुंची। इस दौरान लोगों केा मतदान करने के बारे में जागरूक किया गया। इस मौके पर प्रधानध्यापक संजय त्रिपाठी, शिखा त्रिपाठी, शिवमूर्ति, अजय, राजीव, रामकुमार, देवनाथ, श्यामलाल, सागर, बबलू, रमेश, विवेक, वीरेंद्र, शिवाकांत, नितिन द्विवेदी, अखिलेश, पिंकी, उजाला, अनामिका, सोनी, माधुरी, कविता आदि रैली में शामिल रहीं। उधर बाबागंज विकास खंड में जेईएमआई /प्रभारी खंड विकास अधिकारी राम अंजोर पांडेय के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता रैली निकाल कर लोगों को मतदान करने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में ब्लाक के एडिओ पंचायत अनुरुद्ध प्रताप सिंह, ग्राम विकास अधिकारी महरानीदीन सरोज, रामप्रताप यादव, उदय कुमार पांडेय, अनिल कुमार गौतम, मुन्ना सरोज, शुशील सोनकर, लाले मिश्रा, होरी लाल, हीरालाल, संतोष गौतम आदि मौजूद रहे।
दरवाजे से सटाकर बनाई दीवार
बिहार(ब्यूरो)। बाघराय थाना क्षेत्र के टेकी पट्टी गांव निवासी रुकुनुद्दीन पुत्र वहीदुद्दीन ने पुलिस महानिदेश को पत्र भेजकर दरवाजे पर दीवार खड़ी करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि उसके सरहंग पड़ोसियों ने उसके दरवाजे पर दीवार खड़ी कर दी है। इससे उसे भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। कई बार थाने में शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।