दुराचार में असफल होने पर युवती पर चाकू से हमला
पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
पट्टी(ब्यूरो)। कोतवाली पट्टी के फत्तूपुर गांव में एक युवक ने दुराचार में असफल होने पर युवती पर चाकू से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
क्षेत्र के फत्तूपुर गांव निवासी युवती का आरोप है कि बीते 28 मार्च की दोपहर वह खेत की तरफ गई थी। इस बीच उसे अकेला देखकर गांव का विजय वर्मा पुत्र बाबूलाल ने बदनियती से उसे दबोच लिया। दुराचार का प्रयास करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए। विरोध पर पहले उसे लात-घूंसों से पीटा। बाद में उस पर चाकू से हमला कर दिया। पीड़िता के शोर पर ग्रामीण पहुंचे तो आरोपी भाग निकला। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
ग्रामीणों ने चोर को दबोचकर पीटा
पट्टी (ब्यूरो)। कोतवाली क्षेत्र के लबेदा गांव में गुुरुवार रात चोरी करने के आरोपी युवक की ग्रामीणों ने जमकर धुनाई कर दी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लबेदा गांव निवासी गरनाम निषाद पुत्र दुखीराम का आरोप है कि रात में गांव का ही जग्गा उर्फ पिंटू पुत्र देवी वर्मा उसके घर में घुसकर लाखों के जेवरात, मोबाइल और 15 हजार नगदी चुरा ले गया। भागते समय उसकी मां ने उसे पहचान लिया। शुक्रवार को वह दिखाई दिया तो लोगों ने पकडक़र पीटना शुरू कर दिया। उसे सीएचसी ले जाया गया। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इधर, आसपुर देवसरा के नचरौला गांव निवासी संतलाल हरिजन के घर से चोर पंद्रह हजार नगदी व जेवरात ले गए। इसकी शिकायत पुलिस से की गई है।
चालक से की ठगी
पट्टी (ब्यूरो)। कादीपुर सुल्तानपुर से पिकअप वाहन बुक कर लाए युवक ने वाहन चालक से पांच हजार रुपये व मोबाइल पट्टी कस्बे में यह कहकर ले लिया कि वह रसीद कटाकर आ रहा है। उसके बाद युवक चंपत हो गया। पीड़ित सुशील कुमार अग्रहरि ने पुलिस को तहरीर दी है।