कुंडा। चोरों ने बाउंड्री फांदी और खिड़की के नीचे से सेंध लगाकर घर में रखे सारे कीमती सामान और लाखों रुपये की नकदी उठा ले गए। इसकी जानकारी सुबह परिजनों को उठने के दौरान तब हुई जब उनके कमरे के दरवाजे बाहर से बंद पाए गए। इस पर भोर में ही फोन से आसपास के लोगों केा बुलाया गया। इसके बाद घर में बिखरे सामान और टूटी आलमारी व बक्सों ने पूरी कहानी बयां कर दी। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
हथिगवां थाना क्षेत्र के पूरे बटौआ गांव निवासी अखिलेश मिश्रा पुत्र शैलेंद्र कुमार शाम को खाना खाकर घर के अंदर जाकर सो गए। रात में चोरों ने बाहर की बाउंड्री फांदकर अंदर पहुंच गए। इसके बाद अंदर खिड़की के पास ही पक्की दीवार में सेंध लगा दी। इसके बाद अंदर घुसकर जिन कमरों में लोग सो रहे थे बाहर से कुंडी लगा दी। अन्य कमरों में मौजूद बक्से और आलमारी का ताला तोड़कर एक लाख 10 हजार रुपये की नकदी समेत लाखों रुपये के जेवर उठा ले गए। भोर में परिजन उठे तो बाहर की कुंडी बंद होने से वह परेशान हेा गए। इसके बाद अंदर से पैर से दरवाजे पर चोट की तो वह खुल गया।
बाहर निकलने पर पता चला कि जिस कमरे में सामान रखा हुआ है उसका ताला बाहर से तोड़ा गया है। यह देखप लोगों के होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो बक्से आदि गायब थे। बाहर निकलकर लोगों को बुलाया गया और खोज की गई तो खेतों में सात बक्से मिल गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। जानकारी के अनुसार घर में लड़के की शादी होने के कारण काफी सामान और कैश पड़ा हुआ था चोरों ने इसका भरपूर फायदा उठाया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 457, 380 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।