प्रतापगढ़। पुरवा हवाओं को पछाड़ पश्चिमी हवाओं ने वातावरण में पैठ जमा ली है। मंगलवार की सुबह वातावरण में घना कोहरा छाया रहा। कोहरा इतना घना था कि सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। सुबह साढ़े 9 बजे धूप तेज होने पर कोहरा छटा। हालांकि धूप तेज होने के बाद दिनभर ठंड से राहत रही। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 27.5 व न्यूनतम 11.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
दिसंबर माह की शुरूआत से ही वातावरण में पुरवा हवाओं ने पैठ जमा रखी थी। इससे तापमान में तेजी से इजाफा हो रहा था। दिन में धूप खिलने से ठंड का अहसास कम था, मगर शाम होते ही ठंड का असर शुरू हो जाता। इधर दो दिन पहले पश्चिमी हवाओं ने पुरवा हवाओं को पछाड़कर वातावरण में अपनी पैठ जमा ली है। इससे मौसम का मिजाज बदल गया है। तापमान लुढ़कने लगा है। वहीं कोहरा भी पड़ना शुरू हो गया है। मंगलवार को भोर मेें लोगों की नींद खुली तो पूरा वातावरण कोहरे के चादर से तना रहा। कोहरा इतना घना था कि थोड़ी दूर के बाद देेखना मुश्किल था। ठंड भी कोहरे के साथ बढ़ती जा रही थी। आलम यह था कि सड़क पर गुजर रहे क्या छोटे- क्या बड़े सभी वाहन रेंग रहे थे। लाइट जलाकर हार्न के सहारे धीरे- धीरे सड़क से गुजर रहे थे।
शहर के प्रयागराज-फैजाबाद राजमार्ग पर जोगापुर, घंटाघर, सदर बाजार, चिलबिला के पास अधिकांश वाहन कोहरे के चलते सड़क के किनारे वाहन खड़ी कर दिए थे। जो वाहन भी सड़क से गुजर रहे थे, वह बहुत ही एहतियात बरत रहे थे। सुबह 9 बजे के धूप तेज हुई तो कोहरा छटना शुरू हुआ। धूप खिलने के बाद ठंड कम हो गई। धूप की वजह से दिनभर लोगों को ठंड से राहत रही। मगर शाम होते ही फिर ठंड बढ़ने लगी। रात में ठंड का असर बढ़ गया। मौसम वैज्ञानिक देशराज मीना ने बताया कि पश्चिमी हवाओं की पैठ मजबूत हो रही है। जल्द ही ठंड बढ़ने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 27.4 व न्यूनतम 11.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।