जिलाधिकारी डॉ. नितिन बंसल ने कहा है कि बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा नकलविहीन कराना केंद्र व्यवस्थापकों की जिम्मेदारी है। आपकी मदद के लिए पुलिस प्रशासन साथ खड़ा है। उन्होंने केंद्रों पर दाखिल होने से पहले परीक्षार्थियों की गहन तलाशी कराने के लिए कहा है।
डीएम ने कहा कि कोई अभ्यर्थी इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, डिवाइस लेकर अंदर न घुस सके, इसकी पुख्ता व्यवस्था की जाए। परीक्षा केंद्र पर किसी भी कक्ष निरीक्षक, कर्मचारी के पास मोबाइल नहीं रहेगा। सोमवार को अफीम कोठी में हुई बैठक में बीएड प्रवेश परीक्षा के नोडल अधिकारी और पीबीपीजी के प्राचार्य डॉ. बृजभानु सिंह ने बताया कि परीक्षार्थी प्रवेश पत्र की दो प्रतियां लेकर आएंगे, उसकी एक प्रति केंद्र पर जमा करनी होगी।
परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट बाद तक परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा, मगर उन्हें कोई अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा। प्रवेश परीक्षा में बुकलेट भी जमा कराई जाएगी। परीक्षार्थी को सिर्फ ओएमआर की एक प्रति दी जाएगी। एएसपी पश्चिमी रोहित मिश्र ने कहा कि सभी केंद्रों पर एक-एक दरोगा, दो महिला और दो पुरुष सिपाहियों की तैनाती की गई है।
डीआईओएस डॉ. सर्वदानंद ने कहा कि केंद्र व्यवस्थापकों को हिदायत दी कि प्रश्न पुस्तिका खुलने के बाद कोई भी व्यक्ति मोबाइल से फोटो न खींचने पाए। बैठक में डॉ. पीयूषकांत शर्मा, एडीएम त्रिभुवन विश्वकर्मा, विवि के नोडल अधिकारी विवेक त्रिपाठी, राजकुमार सिंह, प्रमोद तिवारी, हरिश्चंद्र श्रीवास्तव, गरिमा श्रीवास्तव, मो. अनीश, विंध्याचल सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।