घर के सामने बरामदे में टिनशेड के नीचे सो रही बुजुर्ग महिला की अज्ञात बदमाशों ने गला रेतकर नृशंस हत्या कर दी। मंगलवार की सुबह बुजुर्ग महिला को नींद से जगाने के लिए उसकी बहू पहुंची तो खून से लथपथ बिस्तर देख मामले की सूचना पुलिस को दी। मामले में एएसपी पश्चिमी ने फोरेंसिक टीम की मदद से घटना स्थल की जांच कराने के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है।
महेशगंज थाना क्षेत्र के माघी गांव की शकुंतला सिंह (65) सोमवार की रात टिनशेड के नीचे सो रही थीं। रात में अज्ञात लोगों ने उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। मंगलवार की सुबह बहू प्रिया घर से बाहर निकली तो शकुंतला के बिस्तर के नीचे खून देख चीख पड़ी। खून से लथपथ शकुंतला का शव चारपाई पर पड़ा था। शोर शराबा सुनकर गांव के लोग भी जुट गए।
घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची महेशगंज पुलिस मामले की पूछताछ कर हत्या की गुत्थी सुलझाती रही। पुलिस बहू प्रिया संग आसपास के लोगों से पूछताछ कर पुरानी रंजिश व विवाद का पता लगाती रही। बहू प्रिया ने बताया कि मृतका पड़ोस में चल रही भागवत कथा सुनने के लिए तीन दिन से जा रही थीं। उसके पति मां से बात करना चाहते थे, लेकिन वह फोन नहीं उठा रही थीं। मां से बात कराने के लिए वह बाहर निकली तो खून से लथपथ सास का शव देखने को मिला।
शकुंतला का बड़ा बेटा अजय गुजरात में परिवार के साथ रहता है। छोटा बेटा विजय मुंबई में रहता है। घटना की जानकारी मिलने पर एएसपी पश्चिमी रोहित मिश्र, सीओ अमरनाथ गुप्ता फोरेंसिक टीम की मदद से जांच करते रहे। एएसपी पश्चिमी रोहित मिश्र ने बताया कि मृतका के परिजनों से जानकारी जुटाई गई है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जायेगी। मृतका के बेटे आ रहे हैं। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होगी।