उड़ैयाडीह बाजार में मां की पिटाई से नाराज होकर शीतल (15) ने फांसी लगाकर जान दे दी। इसकी जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। पट्टी कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर अठगवां निवासी राकेश रजक की बेटी शीतल का अपने छोटे भाई से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, बातचीत के दौरान ही छोटे भाई को शीतल ने पीट दिया। वह रोते हुए अपनी मां रानी के पास गया। यह देख रानी ने गुस्से में आकर बेटी शीतल को पीटना शुरू कर दिया।
लोगों ने बीच-बचाव कर मां-बेटी को अलग किया। मां की पिटाई से क्षुब्ध होकर शीतल कमरे के भीतर चली गई। उसने कमरे के भीतर छत के हुक में दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। कमरे में घुसे परिजन शीतल का शव लटकता देख शोर मचाने लगे। आसपास के लोगों की मदद से उसे लेकर स्थानीय अस्पताल गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस पर परिवारीजन रोने लगे। परिवार के लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी नहीं दी। मृतका का पिता मुंबई में रहता है।