लॉकडाउन के दौरान मुंबई से ट्रक में सवार होकर आए जेठवारा इलाके के एक युवक की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि वह क्षय रोग से पीड़ित था। घरवालों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। उसकी मौत से गांव के लोग खौफजदा हैं।
जेठवारा थाना क्षेत्र के सराय महासिंह निवासी पृथ्वीपाल गुप्ता अपने बेटे विनोद गुप्ता (26) के साथ रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई में रहता था। लॉकडाउन के चलते पिता-पुत्र 15 मई को मुंबई से ट्रक पर सवार होकर घर पहुंचे। गांव आने के बाद दोनों घर में ही रुके थे। ग्रामीणों को दोनों के आने की जानकारी नहीं थी।
19 मई को विनोद गुप्ता को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। बेटे की तबियत बिगड़ते देख पृथ्वीपाल ने गांव के कुछ लोगों से मदद मांगी। धीरे-धीरे बात फैल गई। जानकारी होने पर गांव की आशा बहू ने सीएचसी प्रभारी बाघराय डा. एमएस हैदर को सूचना दी। इस पर सीएचसी प्रभारी टीम के साथ गांव पहुंचे। विनोद की सांस अधिक फूल रही थी।
यह देख चिकित्सक ने उसे इलाज के लिए एंबुलेंस से एसआरएन भेज दिया। जहां मंगलवार की देर रात उसकी मौत हो गई। घरवालों ने ऋंग्वेरपुर में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। उसकी मौत की खबर मिलने पर गांव में दहशत फैल गई। सीएचसी प्रभारी डा. एमएस हैदर ने बताया कि परिवार के लोगों का सैंपल लेने के लिए सीएमओ कार्यालय पत्र भेजा गया है।