प्रतापगढ़। विधान परिषद सदस्य के चुनाव के लिए प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला पंचायत व 17 विकासखंड कार्यालयों पर बने मतदान केंद्रों पर 90 कर्मचारी मतदान कराएंगे। मतदान केंद्रों पर थानेदार सुरक्षा के लिए मुस्तैद रहेंगे। मतदान केंद्रों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
विधान परिषद सदस्य चुनाव सकुशल संपन्न कराने के लिए जनपद के 17 विकासखंडों को मतदान स्थल बनाया गया है। कुंडा, बाबागंज, बिहार, बाबागंज, कालाकांकर, संग्रामगढ़, लालगंज, सांगीपुर, लक्ष्मणपुर, मानधाता, सदर, मंगरौरा, पट्टी, बाबा बेलखरनाथ धाम, शिवगढ़, आसपुर देवसरा विकासखंड कार्यालय के अलावा जिला पंचायत कार्यालय में मतदान केंद्र बनाया गया है। इन मतदान केंद्रों पर चुनाव कराने के लिए पीठासीन अधिकारी समेत पांच मतदानकर्मी तैनात होंगे। जो मतदाता सूची से मतदाताओं का मिलान कर उन्हें मतदान के लिए मतपत्र उपलब्ध कराएंगे।
इसके अलावा 20 कर्मचारियों की टोली तहसील स्तर पर मुस्तैद रहेगी। ताकि मतदान के दौरान जरूरत पड़ने पर कर्मचारियों को तुरंत केंद्र पर भेजा जा सके। सभी मतदान केंद्रों पर थानाध्यक्ष भारी फोर्स के साथ मुस्तैद रहेंगे। सर्किल के एसडीएम व सीओ लगातार मतदान केंद्रों का भ्रमण कर हालात पर नजर रखेंगे। मतदान की व्यवस्था पर नजर रखने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। अपर जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश चंद्र ने बताया कि मतदान कराने के लिए कर्मचारियों का जल्द ही प्रशिक्षण होगा। मतदान केंद्रों पर समुचित व्यवस्था की तैयारी की जा रही है।
जिला पंचायत मतदान केंद्र पर सदस्य व सभासद कर सकेंगे मतदान
विधान परिषद सदस्य के चुनाव में जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, बीडीसी सदस्य, प्रधान, सभासद अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। विकासखंड में बने मतदान केंद्रों पर स्थानीय नगर पंचायत के सभासद व अध्यक्ष मतदाधिकार कर सकेंगे। जिला पंचायत कार्यालय में बने मतदान केंद्र पर जिला पंचायत सदस्य व नगर पालिका अध्यक्ष और नगर पालिका के 25 सभासद अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
नगर पंचायत के सभासदों को नहीं लगाने होंगे मुख्यालय के चक्कर
नगर पंचायत के अध्यक्ष व सभासदों को मतदान के लिए मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने होंगे। नगर पंचायत पट्टी के सभासद विकासखंड पट्टी कार्यालय, रानीगंज के सभासद शिवगढ़, सिटी, कटरामेदनीगंज के सभासद सदर विकासखंड, अंतू के सभासद संडवाचंद्रिका, लालगंज के सभासद लालगंज विकासखंड, कुंडा व मानिकपुर के सभासद कुंडा विकासखंड कार्यालय में मतदान करेंगे।