भैसों के सड़क पर आ जाने से जाम में फंसा एसपी का काफिला। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। रोजमर्रा जाम और अव्यवस्था से जूझ रही जनता का दर्द पुलिस को भले ही दिखाई न देता हो पर जब अपने आला अफसर की गाड़ी भैंसों के झुंड में फंसी तो रास्ता खुलवाने में उन्हें पसीना छूट गया। शहर के ब्रह्मचारी घाट रोड पर दोपहर में एसपी की गाड़ी 15 मिनट तक भैंसों के झुंड में फंसी रही। पुलिसवालों ने भैंसों को लाठियां मारकर बमुश्किल रास्ता खाली कराया।
शासन ने हाल ही में शहर के चौराहों से अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी कर जाम से लोगों को निजात दिलाई है। पुलिस ने भी मुख्यमंत्री के आदेश पर ताबड़तोड़ कार्रवाई कर सड़कों को खाली करा दिया है पर सड़कों पर निकलने वाला भैंसों का झुंड अब भी लोगों की परेशानी बढ़ाता है। बृहस्पतिवार को उस समय पुलिस बेबस दिखाई दी, जब एसपी की गाड़ी भैंसों के झुंड में फंस गई।
एसपी दिनेश कुमार अंगूरी देवी सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। कुछ दूर चलने के बाद अचानक 40 से 50 भैंसों का झुंड आ गया, पहले तो एसपी के चालक ने यह सोचकर गाड़ी रोक ली, कि कुछ देर में भैंस हट जाएंगी, मगर नहीं हटीं तो चालक ने गाड़ी बढ़ा दी। इस पर एसपी की गाड़ी के चारों ओर भैंसों को झुंड लग गया।
पहले कोतवाली पुलिस भैंसों के हटने का इंतजार कर रही थी। जब मीडिया कर्मियों ने फोटो खींचे तो पुलिसकर्मी गाड़ी से उतरे और भैंसों पर लाठियां बरसाना शुरू कर दिया। फिर भी भैंसों को हटाने में पुलिस को 15 मिनट लग गए। ऐसा आम लोगों के साथ करीब रोज ही होता है। इसके बाद भी भैंसों के आवागमन को लेकर कोई समय तय नहीं किया गया है।