फरीदपुर। बीसलपुर रोड स्थित दुकान की छत पर भरे पानी में शुक्रवार को उतरे करंट की चपेट में आने से कपड़ा व्यापारी की जान चली गई। वह छत पर जलभराव देखने गए थे। इस दौरान हादसे में वह बुरी तरह झुलसकर गिर गए। कुछ देर बाद पड़ोस के लोग पहुंचे तो उनको निजी अस्पताल लेकर गए। वहां से बरेली रेफर किया गया लेकिन जान नहीं बच सकी।
क्षेत्रवासियों के मुताबिक, बीसलपुर रोड स्थित नई बस्ती निवासी हिजबुल की कस्बे में बीसलपुर रोड पर कपड़े की दुकान है। क्षेत्र में लगातार हुई बारिश से दुकान की छत पर काफी पानी भर गया था। शुक्रवार को हिजबुल जलभराव की स्थिति देखने और सफाई करने गए थे। पानी में करंट उतरने से वह बुरी तरह झुलसकर अचेत हो गए। काफी देर तक नहीं लौटे तो परिजन और पड़ोस के लोग छत पर पहुंचे। हिजबुल की हालत देखकर लोग उनको आनन-फानन में नगर के निजी अस्पताल लेकर गए। वहां से बरेली रेफर कर दिया गया। बरेली ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत से परिजन गमगीन हैं। परिजनों ने हिजबुल को सुपुर्देखाक कर दिया। सीओ संदीप सिंह ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को सूचना नहीं दी गई है।