बीसलपुर तहसील क्षेत्र में दियोरिया-घुंघचाई रोड पर टूटे पुल के पास खड़ा बाघ।
- फोटो : PILIBHIT
बीसलपुर। दियोरिया-घुंघचाई वन मार्ग पर टूटा पुल के पास रविवार को देर शाम बाघ दिखने से एसडीएम के पसीने छूट गए। बाघ होने के कारण वन मार्ग पर करीब आधा घंटा तक आवागमन ठप रहा। जानकारी पर पहुंचे वन रेंजर ने छानबीन की।
एसडीएम (न्यायिक) राकेश मौर्य चूंकि कलीनगर से स्थानांतरित होकर आए हैं। उन्होंने यहां कार्यभार तो ग्रहण कर लिया लेकिन अभी रोजाना कलीनगर से ही आते जाते हैं। एसडीएम रविवार को देर शाम अपने कार्यालय का लंबित पड़ा कामकाज निपटाने के बाद सरकारी गाड़ी से दियोरिया होते हुए कलीनगर जा रहे थे। दियोरिया-घुंघचाई वन मार्ग पर टूटे पुल के पास रोड के बिल्कुल किनारे खड़े बाघ को देखकर उनके और उनके चालक के पसीने छूट गए। चालक ने बाघ के डर के मारे काफी दूर पहले ही कार रोक दी।
इसी बीच उनके पीछे आ रहे कई बाइक चालक भी डर से उनकी कार के पीछे रुक गए। उधर, पूरनपुर की ओर से आ रहे कई बाइक चालक भी काफी दूरी पर ही रुक गए थे। बाघ के कारण आधा घंटा तक आवागमन ठप रहा। आधा घंटेे के बाद बाघ जंगल में चला गया, तभी सभी लोग अपने गंतव्यों को काफी तेज गति से रवाना हो गए। कुछ लोगों ने बाघ का फोटो कैमरे में कैद कर लिया था। फोटो के अनुसार बाघ काफी स्वस्थ है।
एसडीएम ने बताया कि बाघ दिखने के बाद जंगल के छोर पर स्थित वन विभाग के बैरियर के कर्मचारी को सूचना दी। बैरियर कर्मचारी ने उसी समय रेंजर वीके गुप्ता को सूचना दी। रेंजर अपनी टीम के साथ जब तक मौके पर पहुंचे तब तक बाघ काफी दूर निकल गया था। रेंजर वीके गुप्ता ने बताया कि रविवार को टूटे पुल के पास बाघ दिखने की सूचना फोन से विभागीय उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। उन्होने यह भी बताया कि बाघ की लगातार निगरानी की जा रही है।