पीलीभीत। छात्रा की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की जानकारी रविवार सुबह जिसे हुई वहीं घटना स्थल की ओर दौड़ पड़ा। इस दौरान जुटी ग्रामीणों की भीड़ ने बताया कि जिस रास्ते पर खेत में छात्रा का शव मिला उसे शराबियों ने अड्डा बना दिया है। सड़क किनारे लगे नल पर भी शाम होते ही शराब पीने वाले जुटते हैं।
बरखेड़ा कस्बे से सटे सड़क के किनारे नहर बहती है। शाम होते ही शराब पीने के शौकीन इसी सड़क को अड्डा बना लेते है। ग्रामीणों के मुताबिक शाम को इस सड़क पर जगह-जगह लोग बैठकर तो कुछ चार पहिया वाहनों को सड़क किनारे खड़ाकर अंदर बैठकर ही शराब पीते हैं। आलम यह है कि खेतों में काम करने के दौरान बड़ी संख्या में खाली शराब की बोतलें मिलती हैं। पुलिस की गश्त होने के बाद भी इन से कोई टोका टाकी नहीं होती। एक ग्रामीणों ने बताया कि पास में ही एक नल लगवाया गया है। शाम को बड़ी संख्या में लोग नल के पास आकर शराब पीते हैं। खाली बोतल वहीं फेंक देते हैं। ग्रामीण जब टोकते हैं, मारपीट पर उतारू हो जाते हैं।