पीलीभीत। अब पांच पैसेंजर ट्रेनों का संचालन बुधवार से और शुरू हो गया है। दो बरेली सिटी, एक टनकपुर, दो सिटी से पीलीभीत के लिए रवाना हुईं। ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा।
कोरोना काल में नाम मात्र की ट्रेनों को संचालन होने से यात्रियों को डग्गामार या फिर निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता था। मगर अब इस रूट पर रेलवे की ओर से 12 और ट्रेनों का संचालन शुरू किया जा रहा है। मंगलवार को एक ट्रेन का संचालन शुरू हो चुका है। जबकि बुधवार को पांच ट्रेनों और पटरियों में दौड़ने लगी। इससे यात्रियों को बरेली, टनकपुर की राह आसान हो जाएगी। बुधवार को ट्रेन नंबर 05330 पीलीभीत से 10:05 बजे बरेली सिटी के लिए रवाना हुई। ट्रेन नंबर 05385 बरेली सिटी से शाम को 21:10 बजे पीलीभीत के लिए रवाना हुई। ट्रेन संख्या 05394 टनकपुर से 06:55 बजे चलकर 08:35 बजे जंक्शन पहुंची। ट्रेन नंबर 05311 बरेली सिटी से 18:20 बजे चलकर 20:15 बजे पीलीभीत पहुंची। ट्रेन संख्या 05312 पीलीभीत से 21:30 बरेली सिटी के लिए रवाना हुई। स्टेशन अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सभी ट्रेनों को निर्धारित समय से रवाना किया गया है।