पीलीभीत। शाहजहांपुर रेल खंड पर आमान परिवर्तन के बाद अब जल्द ही शहबाजनगर तक ट्रेनों के संचालन की उम्मीद है। ब्रॉडगेज की ट्रेनों के संचालन को लेकर रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेज दिया गया है। इस रूट पर जल्द पैसेंजर ट्रेनें दौड़ सकती हैं। हालांकि शाहजहांपुर जंक्शन पर अभी ट्रेनों का कुछ और दिन संचालन नहीं शुरू हो सकेगा।
पीलीभीत से शाहजहांपुर के बीच 84 किलोमीटर में आमान परिवर्तन के काम को लेकर 30 मई 2018 को मीटरगेज की ट्रेनों का हमेशा के लिए संचालन बंद कर दिया गया था। इसके बाद एक जून 2018 से ब्रॉडगेज की पटरियां डालने कर काम तेजी से शुरू कर दिया गया था। पहले चरण में बीसलपुर तक काम पूरा होने बाद फरवरी 2020 में सीआरएस निरीक्षण हुआ था। इसके बाद दूसरे चरण में शहबाजनगर तक आमान परिवर्तन का काम अक्तूबर में पूरा हो गया था। सीआरएस ने बीसलपुर और शहबाजनगर का एक नवंबर 2020 को निरीक्षण करने के बाद ट्रेन चलाने के लिए हरी झंडी दे दी थी। जबकि शहबाजनगर और शाहजहांपुर के बीच करीब पांच किलोमीटर उत्तर और पूर्वोत्तर रेलवे के चक्कर में काम लटक गया था। इससे पीलीभीत और शहबाजनगर के बीच 79 किलोमीटर में ट्रेनों का जल्द ही संचालन होने की लोगों में उम्मीद जाग गई, मगर इसके बाद भी ट्रेनों का संचालन इस रूट पर शुरू नहीं हो सका। बाद में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से ट्रेनों का संचालन प्रभावित होने पर इस रूट पर भी ट्रेनों के संचालन को लेकर प्रस्ताव नहीं भेजा गया। मगर अब कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर का प्रकोप कम होने पर डिवीजन के इंजीनियरिंग विभाग की ओर से पीलीभीत-शहबाजनगर के बीच पैसेंजर ट्रेनों के संचालन को लेकर प्रस्ताव भेज दिया गया है। इससे जल्द ही शहबाजनगर तक ट्रेनों के संचालन की उम्मीद है। हालांकि अभी शाहजहांपुर जंक्शन तक ट्रेनों के संचालन में एनआई (नॉन इंटरलॉकिंग) नहीं होने से अभी और देरी हो सकती है।
पीलीभीत-शहजहांपुर के बीच ब्रॉडगेज की ट्रेन चलाने के लिए रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव कई दिन पहले भेज दिया गया है। अभी अधिसूचना जारी नहीं हुई है। अधिसूचना जारी होते ही समय सारिणी तैयार कर ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। - राजेंद्र सिंह, पीआरओ इज्जतनगर मंडल