सांसद वरुण गांधी ने नागपुर से दिल्ली के लिए पैदल चले युवाओं की आवाज उठाई
पीलीभीत। सांसद वरुण गांधी ने अब नागपुर से दिल्ली के लिए पैदल चले बेरोजगार युवाओं की आवाज बुलंद की है। एक ट्वीट के साथ शुक्रवार को सांसद ने पैदल चल रहे युवाओं का वीडियो भी शेयर किया है। सांसद ने कहा कि आसमान आग बरसा रहा है और एसएससी जीडी 2018 के अभ्यर्थी नागपुर से दिल्ली पैदल चल कर आ रहे हैं। इन कर्मठ युवाओं की जगह सड़क पर नहीं, केंद्रीय सशस्त्र बलों के दफ्तर में हैं। कोई उपकार मत करिए, इन्हें बस इनका हक, इनका रोजगार दे दीजिए। इनके त्याग और तपस्या की अब और परीक्षा मत लीजिए।
यह है मामला
केंद्रीय अर्धसैनिक बलों में सिपाही भर्ती होने के लिए एसएससी जीडी की परीक्षा पास कर चुके हजारों अभ्यर्थी 47 डिग्री तापमान में नागपुर से दिल्ली तक का पैदल मार्च कर रहे हैं। इन अभ्यर्थियों का मेडिकल भी हो चुका है लेकिन इन्हें नियुक्ति पत्र नहीं मिल सका। ये अभ्यर्थी दिल्ली के जंतर-मंतर, राजघाट व देश के अन्य हिस्सों में शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन व धरना प्रदर्शन कर चुके हैं। ब्यूरो