पीलीभीत। डायट प्राचार्य के निर्देश पर मरौरी विकास खंड में हुई ब्लॉक स्तरीय शिक्षक-शिक्षिकाओं की खेल प्रतियोगिता में शिक्षक वर्ग चक्का फेंक में लालकरन ने बाजी मारी। शिक्षिका वर्ग चक्का फेंक में ललिता गंगवार ने पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता जूनियर हाईस्कूल टाह पौटा के खेल मैदान में कराई गई।
प्रतियोगिता का उद्घाटन खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) मरौरी सुनील कुमार सिंह ने किया। बीईओ ने कहा कि स्वस्थ रहना बहुत जरूरी है। बच्चों को हम खेल में तभी निपुण बना पाएंगे, जब स्वयं भी खेल के बारे में सजग रहेंगे। शिक्षकों की बैडमिंटन प्रतियोगिता में खंड शिक्षा अधिकारी ने भी हाथ आजमाए। पुरुष वर्ग की शिक्षक बैडमिंटन एकल प्रतियोगिता में प्रधान अध्यापक ब्रह्मदेव तिवारी प्रथम रहे। बैडमिंटन की डबल प्रतियोगिता में लाल करन और ब्रह्मदेव तिवारी प्रथम रहे।
वहीं शतरंज में अनुदेशक प्रदीप कुमार मिश्रा ने बाजी मारी। चक्का फेंक में सहायक अध्यापक लाल करन और गोला फेंक में सहायक अध्यापक वीरेंद्र कुमार प्रथम रहे। 100 मीटर दौड़ में सहायक अध्यापक प्रफुल्ल दीक्षित प्रथम, 200 मीटर में प्रधान अध्यापक सत्येंद्र कुमार ने बाजी मारी। गोला फेंक प्रतियोगिता में सहायक अध्यापक सतीश कुमार ने मैदान मारा।
एकल बैडमिंटन में साक्षी राणा रहीं प्रथम
महिला शिक्षकों की बैडमिंटन एकल प्रतियोगिता में साक्षी राणा प्रथम और डबल में मोनिका राजपूत व प्रागी अग्रवाल पहले स्थान पर रहीं। शतरंज प्रतियोगिता में आकांक्षा अग्रवाल प्रथम रहीं। 100 मीटर दौड़ में जूही अरोड़ा सहायक अध्यापक, 200 मीटर दौड़ में सहायक अध्यापक शिवानी ने पहला स्थान हासिल किया।
वहीं शिक्षिकाओं की चक्का फेंक प्रतियोगिता में ललिता गंगवार प्रथम रहीं। गोला फेंक में शिखा अग्रवाल ने बाजी मारी। खेल मैदान की सभी व्यवस्थाएं वरिष्ठ संकुल शिक्षक अजय कुमार ने संभाली। निर्णायक मंडल में शारीरिक शिक्षा अनुदेशक नरेंद्र कुमार मौर्य, जयप्रकाश, आदित्य गंगवार आदि रहे। इस मौके पर जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार, केके सागर, डोली यादव, संघमित्रा गौतम आदि मौजूद रहीं।