पूरनपुर। फर्जी दस्तावेज तैयार कर मोहल्ला करीमगंज निवासी नसीमा बी का पीलीभीत शहर के टैगोर नगर आवास विकास में स्थित घर पर कब्जे की कोशिश की गई। विरोध करने पर पीड़िता से गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर शेरपुरकलां निवासी फरहत खां के खिलाफ धोखाधड़ी, गाली-गलौज कर जान से मारने की रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला करीमगंज निवासी नसीमा बी ने बताया कि पीलीभीत की आवास विकास कॉलोनी में टैगोर नगर में उसका आवास है। आवास को उसके करीबी रिश्तेदार शेरपुरकलां निवासी फरहत खां ने नौ अप्रैल 1990 में किराये पर मांगा था। आवास खाली न होने पर किराये पर देने से इन्कार कर दिया।
आरोप है कि इस पर फरहत खां ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसके हस्ताक्षर कर 51,3000 की रसीद तैयार कर ली। सौ रुपये मूल्य के स्टांप पेपर पर संपत्ति प्रबंधक अधिकारी आवास विकास को 12 अक्तूबर 2017 को शपथ पत्र देकर आवास पर कब्जे की कोशिश की गई। इस संबंध में 20 अप्रैल 2023 को फरहत से बात करने पहुंची। कोतवाल नरेश कुमार त्यागी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।