पीलीभीत। जिला प्रशासन को जैसे ही पता चला कि किसान नेता राकेश टिकैत पीलीभीत होकर लखीमपुर खीरी जाने वाले हैं। जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई। नाकेबंदी करके उन्हें रोक दिया गया। हालांकि दो मिनट की वार्ता के बाद अधिकारियों ने उन्हें आगे बढ़ने दिया।
असम हाईवे पर बांसुरी चौराहे के करीब बैरियर लगाए गए और भारी पुलिस बल तैनात किया गया। जिलाधिकारी पुलकित खरे और पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी भी पहुंच गए। हाईवे पर राकेश टिकैत के आने का इंतजार किया जा था तभी रात 11.20 बजे राकेश टिकैत बड़े काफिले के साथ बांसुरी चौराहे पर पहुंचे। काफिले की सबसे आगे की गाड़ी को प्रशासन ने रोक लिया। किसान नेता राकेश टिकैत पीछे पांचवें नंबर की गाड़ी पर थे। जिला प्रशासन के अधिकारी राकेश टिकैत की गाड़ी तक पहुंचते उससे पहले मीडियाकर्मी पहुंच गए। राकेश टिकैत ने गाड़ी में बैठे-बैठे घटना को दुखद बताया और कहा कि वह मौके पर जा रहे हैं। उनके काफिले में कई जनपदों के किसान अपनी-अपनी गाड़ियों में थे। राकेश टिकैत की गाड़ी तक पहुंचकर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने दो मिनट उनसे बातचीत की। हालात की जानकारी दी। इसके बाद उनके काफिले को आगे बढ़ने दिया। टिकैत यहां से पूरनपुर के लिए रवाना हुए। पूरनपुर में किसानों सड़क पर उतर आए हैं। जाम लगाकर धरना दे रहे हैं। वहां राकेश टिकैत का इंतजार हो रहा है।