सिविल बार के कार्यक्रम को संबोधित करते अतिथि।
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार सक्सेना के सेवाकाल के 60 वर्ष पूर्ण होने पर सिविल बार एसोसिएशन के प्रांगण में हीरक जयंती समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि हाईकोर्ट के प्रशासनिक जज शेखर कुमार यादव ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि अधिवक्ता ही हैं, जिनके जरिये समाज को कानूनी मदद और न्याय मिल पा रहा है। न्याय और समाज के बीच में अधिवक्ता एक मजबूत कड़ी हैं।
विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के अध्यक्ष एडवोकेट शिरीष मल्होत्रा ने कहा कि उन्होंने हमेशा अधिवक्ताओं के लिए उनके हक की लड़ाई लड़ी है और यह आगे भी जारी रहेगी। सुरेंद्र कुमार सक्सेना को बधाई देते हुए उन्होंने कहा की 60 साल तक उन्होंने न सिर्फ लोगों को न्याय दिलाया है, बल्कि कनिष्ठ अधिवक्ताओं को भी काफी कुछ सिखाया है। इससे पूर्व सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक कुमार नगाइच, समस्त कार्यकारिणी ने मुख्य व विशिष्ठ अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम के बाद प्रांगण में ही सह भोज का आयोजन किया गया।
इस दौरान न्यायमूर्ति ने वरिष्ठ अधिवक्ताओं से मुलाकात का उनका हालचाल भी जाना। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता विद्याधर पांडे, सेंट्रल बार के अध्यक्ष संतराम राठौर, सिविल बार अध्यक्ष आलोक नगाइच, संयुक्त वार अध्यक्ष बाबूराम शर्मा के अलावा राजीव अवस्थी, विवेक अवस्थी, धीरेंद्र मिश्रा, जिया उल इस्लाम, भारत भूषण पांडे, अनवार अहमद, एमएम कादरी, समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।