बीसलपुर के गांव मीरपुर में प्रधान से बुखार पीड़ितों के बारे में जानकारी करते तहसीलदार और डॉक्टर?
- फोटो : PILIBHIT
बीसलपुर। गांव मीरपुर वाहनपुर में बुखार का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। बुधवार को देर शाम इस गांव में बुखार पीड़ित एक और महिला की मौत हो गई है। इस गांव में बुखार से मरने वालों की संख्या अब पांच हो गई है। डीएम के निर्देश पर तहसीलदार (न्यायिक) ने बृहस्पतिवार को सीएचसी बीसलपुर की टीम को अपने साथ ले जाकर गांव के बुखार पीड़ितों को दवा दिलवाई।
गांव मीरपुर वाहनपुर में पिछले एक माह से बुखार का प्रकोप चल रहा है। अब तक 100 से अधिक लोग बुखार की चपेट में आ चुके हैं, जो मीरपुर वाहनपुर, बीसलपुर, बरेली और दिल्ली के प्राइवेट अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं। प्रधान मोहम्मद मिंया ने बताया कि गांव के नूरेन कुरैशी की 35 वर्षीय पत्नी शाहीन बेगम पिछले छह दिनों से बुखार से गंभीर रूप से पीड़ित थी और बरेली के एक प्राइवेट अस्पताल में उपचार करा रही थी। बुधवार को देर शाम उसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। इसे मिलाकर गांव में बुखार से मरने वालों की संख्या पांच हो गई है। डीएम पुलकित खरे के निर्देश पर तहसीलदार (न्यायिक) संजय यादव ने बृहस्पतिवार को सीएचसी बीसलपुर की टीम साथ ले जाकर गांव में घर-घर बुखार पीड़ितों को दवा दिलवाई। उसके बाद टीम ने गांव के ही एएनएम सेंटर पर बुखार पीड़ितों की जांच भी की। एएनएम सेंटर पर आकर जांच कराने के संबंध में मुनादी कराकर बुखार पीड़ितों को जांच कराने का सुझाव दिया गया। मरीजों की जांच करने वाले डॉ. मुनीष वर्मा ने बताया कि जांच में सभी मरीज साधारण बुखार से पीड़ित पाए गए और उसके बाद उन्हें दवा दी गई। ग्रामीणों से यह भी कह दिया गया कि जरूरत पड़ने पर वे लोग सीएचसी आकर जांच करा सकते हैं और उपचार ले सकते हैं। तहसीलदार ने यह भी बताया कि सीएचसी अधीक्षक डॉ. ठाकुरदास को मीरपुर में बुधवार को विवाहिता की हुई मौत की जांच करने के निर्देश दे दिए गए हैं। तहसीलदार ने यह भी बताया कि मोहल्ले में बुखार फैलने की सूचना पर उन्होंने बृहस्पतिवार की शाम अपनी मौजूदगी में नगरपालिका की टीम से नगर के वार्ड नंबर एक की नालियों के किनारे चूना डलवाया। नालियों में मैलाथियान और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया।