जिला अस्पताल में डॉक्टर के कक्ष के बाहर फर्श बैठे मरीज। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। मौसम में बदलाव शुरू होते ही वायरल फीवर के मरीज बढ़ गए हैं। पिछले दो दिनों से आंशिक रूप से खुल रही ओपीडी में आने वाले की संख्या कम नहीं रही है। शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 820 मरीज पहुंचे। इनमें 65 फीसदी बुखार से पीड़ित थे।फिजीशियन की ड्यूटी इमरजेंसी में लगी होने के कारण वहां भी मरीजों की खासी भीड़ रही। फर्श पर बैठकर मरीज डॉक्टर का इंतजार करते दिखाई दिए।
सर्दी की आहट शुरू होते ही सर्दी, बुखार के मरीजों की भी संख्या बढ़ने लगी है। पिछले दो दिन आंशिक रूप से अवकाश होने के बाद भी मरीजों की संख्या सैकड़ों में पहुंच गई थी। वहीं शनिवार को मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। ओपीडी में मरीजों के देखने वाले डॉक्टरों के कक्ष के बाहर घंटों मरीजों को इंतजार करना पड़ा। इमरजेंसी कक्ष में भी मरीजों की खासी भीड़ रही। वरिष्ठ फिजीशियन की ड्यूटी इमरजेंसी में लगी होने के कारण मरीज वहां भी पहुंच गए। शनिवार को 820 मरीजों की ओपीडी रही। इसमें 65 फीसदी मरीज सर्दी, बुखार वाले शामिल रहे। डॉक्टरों ने मरीजों को देखने के बाद दवा देकर घर भेज दिया। डॉ. रमाकांत सागर ने बताया कि मौसम का बदलाव होने के कारण इन दिनों वायरल फीवर के ज्यादा मरीज आ रहे हैं। पिछले पांच दिनों की बात करें, तो 12 अक्तूबर को 1024, 13 अक्तूबर को 775, 14 और 15 अक्तूबर का आंशिक अवकाश होने के बाद भी 306, 305 मरीजों की संख्या रही। हालांकि अभी तक कोई गंभीर बुखार का मरीज नहीं निकला है।