पीलीभीत। शासन से वैक्सीन मिलने के बाद जिले में टीकाकरण का मेगा अभियान चला गया। जिसके अंतर्गत जिले में 140 स्थानों पर टीकाकरण कराया गया। जहां टीकाकरण के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। कोरोना से बचाव का टीका लगवाने के लिए लोग कोविड के नियमों का पालन करना ही भूल गए। सुबह से ही टीकाकरण केंद्र के बाहर तक लंबी लाइन लगी रही। अफसर भी टीकाकरण की स्थिति का जायजा लेने के लिए भ्रमण करते रहे। मेगा टीकाकरण अभियान में 36 हजार लोगों का टारगेट रखा गया था। जहां 36205 लोगों ने टीका लगवाया।
स्वास्थ्य विभाग ने जिले में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए मेगा अभियान की शुरुआत की है। शुक्रवार को शहर के गांधी स्टेडियम, बर्न यूनिट, जिला महिला अस्पताल समेत विभिन्न स्थानों पर टीकाकरण कैंप आयोजित कराए गए। जहां सुबह से ही टीका लगवाने के लिए भीड़ उमड़ना शुरु हो गई। टीकाकरण केंद्र पर लोगों का पंजीकरण कर उन्हें टीका लगवाया गया। इतना ही नहीं जिन लोगों को दूसरी डोज का टीका लगना था। उनके लिए अलग व्यवस्था कराई गई थी। इसके अलावा जिले में पूरनपुर, बरखेड़ा, अमरिया, हजारा, माधोटांडा, न्यूरिया, बीसलपुर, बिलसंडा, जहानाबाद, ललौरीखेड़ा, गजरौला समेत विभिन्न गांव में कैंप लगाया गया है। टीकाकरण की निगरानी के लिए सीएमओ समेत जिले के कई अफसरों को लगाया गया था। कई गांव में टीम ने जाकर लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूप भी किया। टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ती देखकर स्वास्थ्य विभाग की टीम को भीड़ संभालना मुश्किल हो गई। पूरे दिन टीकाकरण केंद्र पर हाहाकार मच रहा। इधर, शहर के वार्ड नंबर 25 के मोहल्ला कुवरगढ़ में सभासद संजीव सक्सेना के अनुरोध पर उनके स्कूल में भी टीकाकरण कैंप लगवाया। जहां 140 लोगों ने अपना टीकाकरण कराया।
कुछ इस तरह रहा ब्लॉक वार टीकाकरण
अर्बन- 2191
अमरिया- 4800
ललौरीखेड़ा- 3038
न्यूरिया- 4623
बरखेड़ा- 3950
बीसलपुर- 4517
बिलसंडा- 3807
पूरनपुर- 9279
जिले में मेगा टीकाकरण अभियान कराया गया था। जिसमें 36 हजार लोगों के टीकाकरण का टारगेट दिया गया था। इस बार लक्ष्य से अधिक टीकाकरण कराया गया 33443 लोगों ने पहली डोज और 2762 लोगों ने दूसरी डोज का टीका लगवाया है। अभियान आगे भी जारी रहेगा। - डॉ. सीमा अग्रवाल ,सीएमओ